नगर पालिका परिषद कांवड़ियों की सहूलियत के लिए फ्रीगंज रोड पर गेट नंबर 73 से तहसील चौपला तक स्पेशल ट्रैक का निर्माण शुरू कराएगी। साथ ही रास्ते के संबंध में संकेतक भी लगवाए जाएंगे। पालिका के सहायक अभियंता के मुताबिक ट्रैक निर्माण का कार्य गुरुवार को शुरू होगा और तीन दिन के अंदर पूरा हो जाएगा।
इससे कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। मेरठ रोड से आवास विकास कालोनी होते हुए रेलवे के गेट नंबर 73 पर बने ओवरब्रिज से होकर हर साल बड़ी तादाद में कांवड़िये शहर में आते हैं। इस रास्ते से आने पर कम दूरी तय करनी पड़ती है,
इसलिए इस रास्ते पर कांवड़ियों की संख्या ज्यादा रहती है। साल भर से यह सड़क इस कदर खस्ताहाल हो गई है कि पैदल चलने लायक नहीं रही। हाल यह है कि इधर से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है।
उधर, इस संबंध में नगर पालिका के सहायक अभियंता सुशील कुमार सक्सेना का कहना है कि फ्रीगंज रोड पर बिजली के खंभे न हटने और बारिश का मौसम होने के कारण सड़क निर्माण शुरू नहीं हो सकता इसे ध्यान में रखते हुए ट्रैक बनवाने का निर्णय लिया गया है।
गुरुवार को काम शुरू होगा और तीन दिन के अंदर ट्रैक बनकर तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही मार्ग को बताने वाले संकेतक भी लगवाए जाएंगे, ताकि कांवड़िये रास्ता न भटके।
कांवड़ मेले के दौरान गंगा में डूबने वाले शिवभक्तों को बचाने के लिए अबकी एनडीआरएफ टीम ने ब्रजघाट में मोर्चा संभाल लिया है। जिला प्रशासन की डिमांड पर पहली बार बनारस से एनडीआरएफ की टीम ब्रजघाट आई है। टीम में गोताखोर, तैराक, मेडिकल फर्स्ट रिस्पॉडर, सर्च और रेस्क्यू दल शामिल है।
बता दें कि पालिका इस काम के लिए नाविकों और गोताखोरों की तैनाती पर प्रतिवर्ष 50 लाख से भी अधिक की राशि खर्च करती है। इसके बाद भी दर्जनों लोगों की डूबने से मौत हो जाती थी।
इसके चलते कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा जल ले जाने वाले शिवभक्तों को डूबने से बचाने का जिम्मा पहली बार एनडीआरएफ को सौंपा गया है। वाराणसी मुख्यालय से 11वीं वाहिनी की 35 सदस्यीय टीम ने बुधवार दोपहर ब्रजघाट गंगा घाट पर मोर्चा संभाल लिया है।
इंस्पेक्टर समर बहादुर सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ टीम को ब्रजघाट में भेजे जाने का उद्देश्य कांवड़ यात्रा से जुड़े शिवभक्तों को हादसों से बचाया जाना है। यह टीम खादर से जुड़े बाढ़ संभावित गांवों की निगरानी भी करेगी और बाढ़ जैसे हालात पैदा होने पर ग्रामीणों की मदद करेगी।
कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। इसके लिए जिले में 35 स्थानों पर पुलिस पिकेट तैनात रहेंगी। इसके साथ ही 17 मार्गों पर 24 घंटे पुलिस की गश्त रहेगी। हर आने जाने वाले पर पुलिस की पैनी निगाह रहेगी।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के प्रबंध करने शुरू कर दिए हैं। बड़ी संख्या में कांवड़ियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस ने तैयारी तेज कर दी हैं। जिले भर में 35 स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाई जायेंगी।
कोतवाली हापुड़ क्षेत्र में ओवर ब्रिज, मेरठ फाटक, दिल्ली फाटक, मोदीनगर रोड, तहसील चौपला, पुरानी चुंगी, मदरसा कोल्ड स्टोरेज, चितौली मोड़, गेट नंबर 73, पक्का बाग, हापुड़ देहात क्षेत्र में गढ़ फाटक, ततारपुर ओवर ब्रिज।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कुचेसर रोड चौपला, बीबी नगर चौपला, पिलखुवा थाना क्षेत्र में छिजारसी, डूहरी पेट्रोल पंप, मोदी नगर बस स्टैंड, धौलाना कट, धौलाना थाना क्षेत्र में सोना पेट्रोल पंप, ब्रजनाथपुर नहर पुल, गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में शिवपुरा नानपुर, पलवाड़ा मोड़, स्याना चौपला, गढ़ चौपला,
अठसैनी तिराहा, सिंभावली में वेट तिराहा, बक्सर रेलवे पुल, बक्सर रेगुलेटर, बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में देहरा कुटी तिराहा, पलवाड़ा पुलिया, आलम नगर पर पुलिस पिकेट तैनात की जाएंगी।
इसके अलावा बाइकों पर दो दो सशस्त्र पुलिसकर्मी मोबाइल गश्त पर रहेंगे। छिजारसी से बस अड्डा चौराहा तक, बस अड्डा चौराहा से निजामपुर पेट्रोल पंप तक, निजामपुर पेट्रोल पंप से सोना पेट्रोल पंप, तहसील चौपला से सोना पेट्रोल पंप, तहसील चौपला से मेरठ बार्डर,
सोना पेट्रोल पंप से ततारपुर टोल टैक्स, उपैड़ा से सिंभावली, बार्डर, सिंभावली बार्डर से खुडलिया, ग्राम खुडलिया से गढ़मुक्तेश्वर बार्डर तक, गढ़ बार्डर से स्याना चौपला, स्याना चौपला से ब्रजघाट, नानपुर से गढ़ चौपला, गढ़ चौपला से बहादुरगढ़ बार्डर, बहादुरगढ़ बार्डर से स्याना बार्डर, पलवाड़ा मोड से पलवाड़ा कस्बा, पलवाड़ा कस्बा से थाना आहार बार्डर तक गश्त रहेगी।