बैंकों की लगातार पांच दिन छुट्टी है। शहर में लगे अधिकांश एटीएम पहले दिन ही पैसे उगलने बंद कर दिए हैं। ऐसे में ग्राहकों को पैसा निकालने में भाग दौड़ करनी पड़ रही है। आने वाले चार दिन भी ग्राहकों को इसी तरह परेशान रहना होगा।
दरअसल, माह का दूसरा शनिवार फिर रविवार और इसके बाद दशहरे की छुट्टी को लेकर बैंकों में पांच दिन का अवकाश है। बैंक अफसर एटीएम सुविधा दुरुस्त रखने का दावा कर रहे थे। लेकिन पहले दिन ही उनका दावा फुस्सा हो गया।
गढ़ रोड स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम के बाहर ग्राहकों की भीड़ लगी थी। पता चला कि शहर के किसी एटीएम में उन्हें पैसा नहीं मिला। इस बैंक के एटीएम का तो शटर ही बंद है।
फ्री गंज रोड स्थित सैंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर मशीन खराब होने का नोटिस चस्पा मिला। ऐसे में ग्राहकों को यह एटीएम भी राहत नहीं दिला सका।
बुलंदशहर रोड स्थित सिंडिकेट बैंक के एटीएम का शटर बंद था। ग्राहक परेशान दिख रहे थे। लेकिन बैंक की ओर से कोई इंतजाम नहीं किया।
गढ़ रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लगी एटीएम मशीन का पैसा कुछ ही घंटों में खत्म हो गया। बाद में बैंक की ओर से रुपये डालने की बजाए कैश खत्म होने का नोटिस चस्पा कर दिया गया।
कुल मिलाकर शनिवार को ग्राहकों को पैसे के लिए भटकना पड़ा। अगले चार दिन तक एटीएम सुविधा किस हद तक सुचारु रहेगी, बैंक अफसरों की इस कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग गया है।
अग्रणी बैंक के प्रबंधक एपी चतुर्वेदी का कहना है कि एटीएम को कैश से फुल किया गया था। लेकिन अवकाश के चलते यह समस्या बनी है। मशीनों में जल्द ही कैश डलवा दिया जाएगा।