जिले में एक अप्रैल से 26 गेहूं क्रय केंद्रों की शुरूआत होगी। इसे लेकर अफसरों ने तैयारी शुरू कर दी है। क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल आदि की व्यवस्था रहेगी, लेकिन अभी अधिकारी गेहूं खरीद का लक्ष्य मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
फिलहाल 1625 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदा जाएगा। जिले में गेहूं की फसल खेतों में लगभग तैयार हैं और कुछ क्षेत्रों में कटाई भी धीरे-धीरे शुरू हो चुकी है। किसानों से गेहूं खरीदने के लिए जिले में 26 गेहूं क्रय केंद्र खोले जाएंगे।
हालांकि शासन से क्रय केंद्र बढ़ाने की मांग की गई है। क्रय केंद्रों के लिए अफसरों ने तैयारी कर ली है। एक अप्रैल से गेहूं क्रय केंद्र जिले में शुरू हो जाएंगे। हालांकि अभी जिले के लिए गेहूं खरीद का लक्ष्य नहीं आया है।
प्रशासनिक अधिकारी शासन से खरीद लक्ष्य मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पीसीएफ के हापुड़ में ग्राम दोयमी, चमरी, बदनौली, डहाना, मीरपुर कलां, मोरपुर भटियाना, धौलाना में ग्राम खेड़ा तिसौली, धौलाना, आमजमपुर दहपा, हसनपुर, समाना, गढ़मुक्तेश्वर में झड़ीना, डहरा, देवली,
भदस्याना, नवादा, पलवाड़ा, सिंभावली में ग्राम पलवाड़ा, बक्सर, गोहरा, खाद्य विभाग का हापुड़ मंडी, धौलाना, गढ़ मंडी, सिंभावली में उपैड़ा, उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी निगम के गढ़ मंडी, ब्रजघाट रोड, यूपी स्टेट एग्रो का कुचेसर रोड चौपला केंद्र बनाया गया है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि सभी केंद्र एक अप्रैल को चालू हो जाएंगे, जो 15 जून तक चलेंगे। गेहूं का रेट 1625 रुपये प्रति क्विंटल हैं। जो पिछले साल की तुलना में 100 रुपये अधिक है।
जिले को गेहूं खरीद का लक्ष्य अभी नहीं मिला है। हालांकि शासन से क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि केंद्रों पर किसानों के बैठने, पानी आदि की उचित व्यवस्थाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।