शिवाजीनगर मोहल्ले में पानी की टंकी की मोटर फुंकने से सात मोहल्लों में पानी की सप्लाई गत एक सप्ताह से ठप है। मोटर ठीक नहीं कराने के विरोध में बृहस्पतिवार को मोहल्ला शिवाजीनगर में लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ हंगामा किया।
साथ ही जल्द पानी की सप्लाई चालू कराने की मांग की। गत सात दिन से मोहल्ला शिवाजीनगर में स्थित पानी की टंकी की मोटर फुंकी पड़ी है। ऐसे में टंकी के क्षेत्र में पड़ने वाले भीकनपुरा, शिवाजीनगर, साकेत, मंडी, अशोकनगर, लुहरान और अशोकनगर की पानी की सप्लाई ठप है।
परेशान लोगों को पालिका के अधिकारी और कर्मचारी संतोषजनक जबाव नहीं दे रहे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर मोहल्ला शिवाजीनगर में लोग एकत्रित हुए और मोटर ठीक नहीं होने के विरोध में नगर पालिका के खिलाफ हंगामा किया।
आक्रोशित लोगों ने बताया कि मोटर फुंकने के कारण एक सप्ताह से पानी की सप्लाई ठप है। कई बार मोटर ठीक कराने की मांग उठा चुके हैं, लेकिन पालिका कर्मचारी जल्द मोटर ठीक करने का आश्वासन देते हैं।
वहीं, जलकल लिपिक जय शिव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। एक दो दिन में मोटर ठीक कराकर मोहल्लों में पानी की सप्लाई चालू करा दी जाएगी। इस दौरान आरिफ, शादाब, अब्दुल रहमान, दानिश, पंडित ब्रह्मजीत, राजेश, अंशुल मौजूद रहे।