संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर। नगर में जल निकासी के लिए नाले तो बने हैं लेकिन, सही ढंग से सफाई नहीं होने के कारण बारिश के दौरान पानी नालों की बजाए सड़कों पर बहता रहता है। नगरवासियों ने नालों को पूरी तरह से पाट दिया है, जिसमें पानी नहीं पहुंचने के कारण सड़क पर जलभराव हो जाता है।
नगर में मेरठ रोड, स्याना रोड, कचहरी रोड, नक्का कुआं रोड, रोडवेज बस स्टैंड के सामने नालों को दुकानदारों ने स्थाई रूप से पाटा हुआ है। जिसके कारण नालों की ढंग से सफाई नहीं हो पाती है। इसके अलावा बारिश के दौरान पानी नालों में जाने की बजाए सड़कों पर बहता रहता है। नालों की सफाई न होने के कारण सारा कूड़ा करकट बारिश के दौरान सड़क पर बहने लगता है। जिससे पूरे दिन बदबू फैलती रहती है। बृहस्पतिवार को हुई बारिश से निकला मलबा सड़कों पर ही बहता दिखा। वहीं बारिश के पानी की निकासी न होने के कारण करीब एक फीट ऊंचा पानी चलता दिखाई दिया, जिसमें से पैदल चलने वाले समेत वाहन सवारों को दिक्कत झेलनी पड़ी।
एसडीएम अंकित कुमार वर्मा ने बताया कि मानसून से पहले पालिका ईओ को निर्देशित कर नालों की सही ढंग से सफाई कराई जाएगी। साथ ही नालों को स्थाई रूप से पाटने वाले लोगों को चैनल लगाने के लिए जागरूक किया जाएगा, जिससे बारिश के मौसम में नालों की सफाई करने में दिक्कत न झेलनी पड़े।