गढ़मुक्तेश्वर। महिला ने पति पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव अठसैनी निवासी एक महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह काफी समय से अपने पति के साथ नगर में जवाहर गंज मंडी में रह रही हैं। आठ मई को वह अपने पति के साथ हापुड़ से घर वापस लौटी थी। शाम करीब पांच बजे पति ने बिना किसी कारण उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। विरोध करने पर पिटाई कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने मिक्सी के केबिल से फंदा लगाकर उसका गला दबाने की कोशिश की। हंगामा होने और शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने उसे बचाया। पीड़िता ने पति को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी सोमवीर सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद