मोहल्ला चमरी स्थित पीएचसी में लगे जन आरोग्य मेले में मरीजों का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
हापुड़। वायरल बुखार का बदला स्वरूप मरीजों को परेशान कर रहा है। छह से सात दिन में भी बुखार नहीं उतर रहा। साथ में खांसी, जुकाम और सिर दर्द सेहत तोड़ रहा है। जन आरोग्य मेलों में रविवार को ऐसे 70 से ज्यादा मरीज पहुंचे। मेले में करीब 887 मरीजों ने उपचार करवाया। सीएमओ ने निरीक्षण कर व्यवस्था भी परखी।
रविवार को जिले में 19 स्थानों पर जन आरोग्य मेले लगाए गए। सीएमओ डॉ.वेदप्रकाश ने केंद्रों का निरीक्षण कर, मरीजों से फीडबैक लिया। उन्होंने बताया कि वायरल बुखार से पीडि़त मरीजों में इस बार अलग लक्षण दिख रहे हैं। पहले पांच दिन में बुखार उतर जाता था, लेकिन इस बार सात दिन से भी ज्यादा समय लग रहा है।
इसके अलावा मरीजों में जुकाम, खांसी और सिर दर्द भी समस्या का सबब बन रहा है। लिवर पर सूजन से मरीजों में उल्टियां लगने जैसे समस्याएं आ रही हैं। मरीजों को दवाओं के सेवन के साथ ही खान पान में भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा जन आरोग्य मेलों में त्वचा रोग, पेट दर्द, हड्डियों में दर्द वाले मरीज भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश ने बताया कि सभी आरोग्य मेलों में कुल 887 मरीज आए। जिन्हें उपचार देकर घर भेजा गया, साथ ही 28 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।