बहादुरगढ़ थाने में मौजूद गांव मोहम्मदपुर-रूस्तमपुर के ग्रामीण। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रूस्तमपुर निवासी 32 वर्षीय आरिस अली की गोली लगने से मौत होने के मामले में कार्रवाई न होने से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने रविवार को थाने पर पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। वहीं, मृतक की माता की तहरीर के आधार पर पुत्रवधू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बहादुरगढ़ थाने पर ग्रामीणों के साथ पहुंची गांव निवासी फलक नाज ने आरोप लगाया है कि उनके इकलौते बेटे आरिस का निकाह अप्रैल माह में जनपद बिजनौर के गांव स्यौहारा निवासी युवती के साथ हुआ था। महिला का कहना है कि निकाह के बाद से ही पुत्रवधू उनके बेटे पर जबरन शादी करने का आरोप लगा उत्पीड़न करने लगी। महिला का कहना है कि आठ अगस्त को बेटे और बहु के बीच एक बार फिर विवाद हुआ। जिसके बाद रात करीब 12 बजे आरिस के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। कमरे में पहुंचने पर देखा कि वह लहूलुहान पड़ा था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वह थाना परिसर में धरना प्रदर्शन करेंगे। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर आरोपों की जांच कराई जा रही है। मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।