हापुड़। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय गोरक्षा प्रमुख दिनेश उपाध्याय ने कहा कि पूरी दुनिया के हिंदुओं के विरुद्ध कोई काम नहीं होने देंगे। विहिप ने हिंदुओं की रक्षा का संकल्प लिया है। बांग्लादेश के हिंदुओं को संरक्षण मिल सके, इसके लिए भी निरंतर काम किया है।
चंडी रोड स्थित राजमहल बैंक्वट हॉल में शुक्रवार को विहिप के षष्टी पूर्ति वर्ष समापन/स्थापना दिवस कार्यक्रम में हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता दिनेश उपाध्याय ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद की ध्येययात्रा के गौरवशाली 60 वर्ष पूर्ण हुए हैं। वर्ष 1964 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को स्वामी चिन्मयानंद के आश्रम पवई मुम्बई में संपूर्ण हिंदू समाज को जाति, मत, पंथ, भाषा और भौगोलिक सीमा से ऊपर उठकर व इनकी पुर्नप्रतिष्ठा करने के लिए यह महान संगठन स्थापित हुआ था। मुख्य अतिथि रोहित ने कहा कि वर्ष 1981 में तमिलनाडु प्रदेश के रामनाथपुरम जिले में मीनाक्षीपुरम गांव में हिंदू समाज के सामूहिक इस्लाम पंथ में धर्मांतरण के बाद परिषद ने देश में एक व्यापक जागरण का अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि आज इसी को लेकर परिषद आगे बढ़ रहा है। हिंदू समाज के सम्मान के प्रत्येक संघर्ष में परिषद का अनूठा योगदान रहा। कार्यक्रम अध्यक्ष ललित अग्रवाल, दीपक चंद्रा, बबली, जिलाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, गिरीश त्यागी, जिला संपर्क विशेष अरुण अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान रितिक त्यागी, अर्चित सिंघल, प्रेम पंडित, सर्वेश पंडित, दीपक, योगेश, आशुतोष, अंकुर, ध्रुव, ईश्वर, संजय वर्मा, पूनम, सुमन, अर्चना, पायल, विकास गर्ग आदि उपस्थित रहे।