उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो रही हैं। जिले के 40 परीक्षा केंद्रों पर 27,572 स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र की खामियां गेट पर ही दूर की जाएंगी।
दो माह पहले यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा कार्यक्रम जारी किया था। इसके तहत परीक्षाएं शुरू कराने की डेट 16 मार्च निर्धारित की गई थीं। तय कार्यक्रम के अनुसार 40 केंद्रों पर बृहस्पतिवार सुबह से परीक्षाएं शुरू होंगी।
सुबह की पाली में 7.30 बजे से 10.30 बजे तक हाईस्कूल के परीक्षार्थी हिंदी की परीक्षा देंगे। जबकि शाम की पाली में दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा होगी। परीक्षार्थियों को पेपर पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक बीके शर्मा ने बताया कि जिले के 40 परीक्षा केंद्रों पर 27,572 परीक्षार्थी पेपर देंगे। इसमें हाईस्कूल के 15,200 और इंटरमीडिएट के 12,372 परीक्षार्थियों पंजीकृत हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। दोनों पालियों की परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण किया जाएगा।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के दौरान जिले के सात संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष नजर रहेगी। इनमें सर्व हितकारी इंटर कॉलेज भदस्याना, बीआर इंटर कॉलेज समाना, लाला बाबू बैजल इंटर कॉलेज लौदीपुर,
श्री तिलक राम त्यागी हायर सेकेंडरी स्कूल जनुपुरा, जनहित इंटर कॉलेज श्यामपुर जट्ट, लाल बहादुर शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज बहादुर गढ़ और आदर्श इंटर कॉलेज मतनौरा शामिल हैं।
सुबह की पाली में सात और दोपहर की पाली में डेढ़ बजे से परीक्षार्थियों की कक्ष में एंट्री शुरू होगी। केंद्रों पर चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को अंदर भेजा जाएगा।
एसएसवी इंटर कॉलेज हापुड़, श्री शांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज, एकेपी इंटर कॉलेज, ताराचंद इंटर कॉलेज तगासराय और श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज सहित 40 परीक्षा केंद्र हैं।
मारवाड़ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं जिला प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि पिलखुवा में हिंदू कन्या इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, राजपूताना रेजीमेंट इंटर कॉलेज, मारवाड़ इंटर कॉलेज,
श्री चंडी विद्यालय इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज बडौदा हिंदुवान में स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे। परीक्षा में परीक्षकों को भी मोबाइल फोन के साथ एंट्री नहीं मिलेगी।
परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। स्टूडेंट्स 2300627 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए इस बार कई बदलाव किए गए हैं। परीक्षा केंद्र बने कॉलेजों के 50 फीसदी शिक्षकों की ड्यूटी दूसरे केंद्रों पर लगा दी गई है। शासन के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
बोर्ड परीक्षा में नकल माफियाओं का चक्रव्यूह तोड़ने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग प्रयासरत है। जिन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, वहां के पचास फीसदी से अधिक शिक्षकों को दूसरे केंद्रों पर भेज दिया गया है।
डीआईओएस बीके शर्मा ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। शासन के निर्देश पर पचास फीसदी शिक्षकों को उनके निजी केंद्रों से हटाकर दूसरे परीक्षा केंद्र पर भेज दिया गया है।