यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान प्रथम विषय की मंगलवार को दूसरी पाली में हुई परीक्षा में गांव लोधीपुर स्थित इंटर कालेज में एक बंडल में भौतिक विज्ञान द्वितीय विषय के 25 पेपर निकल आए। ये पेपर परीक्षार्थियों को बांट भी दिए गए।
सूचना पर एडी और डीआईओएस ने सेंटर पर पहुंचे और बोर्ड को सूचना दी। इस केंद्र पर बंटने वाले कोड का द्वितीय विषय का पेपर कैंसल कर दिया गया है। 23 मार्च को होने वाली भौतिक विज्ञान द्वितीय विषय के लिए बोर्ड से अन्य कोड का पेपर मंगाया जाएगा।
गांव लोधीपुर स्थित लाला बाबू बेजलमल इंटर कालेज में द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान प्रथम विषय का पेपर होना था। कक्ष निरीक्षकों को पेपर के बंडल बांट दिए गए, जिनमें भौतिक विज्ञान प्रथम ही अंकित था।
ऐसे में कक्ष निरीक्षकों ने स्टूडेंट्स को पेपर बांट दिए। पेपर छात्रों के हाथों में पहुंचा तो वह घबरा गए, क्योंकि जिस विषय की तैयारी कर वह आए थे। उसके प्रश्न पेपर में नहीं थे। जबकि पेपर पर भौतिक विज्ञान द्वितीय अंकित था, इस पर छात्रों ने कक्ष निरीक्षक को अवगत कराया।
शिक्षकों में हड़कंप मच गया। प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने तत्काल डीआईओएस को सूचना दी। निरीक्षण करने हापुड़ आईं अपर निदेशक (पत्राचार) कीर्ति गौतम को भी इसकी जानकारी दी गई।
मामले की गंभीरता पर दोनों अधिकारी कालेज पहुंचे। जांच में पता चला कि यह गलती बोर्ड से हुई है, क्योंकि बंडल पर भौतिक विज्ञान प्रथम अंकित था, जबकि अंदर द्वितीय विषय के पेपर रखे थे।
तत्काल इसकी सूचना बोर्ड अफसरों को दी गई, बोर्ड ने भौतिक विज्ञान द्वितीय विषय के जो पेपर परीक्षा केंद्र पर पहुंचा है, उसे रद्द करने के आदेश दे दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक बीके शर्मा ने बताया कि बुधवार को बोर्ड से 23 मार्च को होने वाले भौतिक विज्ञान द्वितीय विषय के लिए अन्य कोड का पेपर आ जायेगा। इस मामले में कॉलेज की कोई गलती नहीं है।
जिला विद्यालय निरीक्षक बीके शर्मा ने बताया जिन 25 छात्रों को भौतिक विज्ञान द्वितीय विषय का पेपर दे दिया गया था। उन्हें प्रथम विषय के पेपर उपलब्ध कराने में अफसरों के पसीने छूट गए।
जिन परीक्षा केंद्रों पर छात्र अनुपस्थित थे, उनके पेपर लाकर छात्रों को दिए गए। इसमें छात्रों का करीब एक घंटा खराब हो गया। हालांकि उन्हें पेपर हल करने के लिए एक घंटा अतिरिक्त समय दिया गया था।