हापुड़। जिले के 40 केंद्रों पर बुधवार को दो पालियों में दसवीं और 12वीं के 29,184 छात्र-छात्राएं हिंदी, सामान्य हिंदी, प्रारंभिक हिंदी, सैन्य विज्ञान, वाणिज्य विषय की परीक्षा देंगे। सुरक्षा के लिहाज से केंद्रों को तीन जोन और 11 सेक्टरों में बांट दिया गया है। सीसीटीवी, वाइस रिकॉर्डर, राउटर से कक्षों को लैस किया है। कंट्रोल रूम से ही परीक्षा का ऑनलाइन जायजा लिया जाएगा।
परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों को पूरी तरह वॉइस और सीसीटीवी कैमरों से लैस किया है। निगरानी के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इस केंद्र से जिले के समस्त 40 केंद्रों के कक्षों की निगरानी आसानी से की जा सकेगी। इसका लिंक शासन के साथ भी साझा किया गया है।
मंगलवार को छात्र केंद्रों पर सीट प्लान देखने पहुंचे। छात्रों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड भी अवश्य लाने के निर्देश दिए गए। जिन छात्रों के पास प्रवेश पत्र नहीं है या गुम हो गया है। उन्हें एक पेपर शपथ पत्र के माध्यम से भी देने की छूट रहेगी।
सवा तीन घंटे तक चलेगा पाली-
बुधवार सुबह की पाली में सुबह साढ़े आठ बजे से 11:45 बजे तक दसवीं के छात्रों की परीक्षा होगी, जबकि शाम की पाली में अपराह्न 2 से सवा पांच बजे तक इंटरमीडिएट के छात्र परीक्षा देंंगे। परीक्षा केंद्रों पर डेस्क सीट चिट भी चस्पा कर दी गई। कक्ष निरीक्षकों को कड़े दिशा निर्देश दिए गए हैं। इसमें 15 मिनट का समय पेपर पढ़ने के लिए मिलेंगे।
1800 शिक्षक देंगे परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी
बोर्ड परीक्षा को संपन्न कराने के लिए जिलेभर के 40 केंद्रों पर करीब 1800 शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। रिजर्व में भी शिक्षक रखे गए हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग से संबद्ध केंद्र स्कूलों में बोर्ड परीक्षा तक शिक्षण कार्य बंद रहेगा।
चाक चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
बोर्ड परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे, जो व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर खास नजर रखेंगे। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर परिधि में फोटो स्टेट आदि की दुकानें बंद रखी जाएंगी। बाहर के लोगों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
मोबाइल पर ही परीक्षा केंद्रों का ले सकेंगे जायजा-
यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान केंद्रों की गतिविधियों को अधिकारी मोबाइल पर देख सकेंगे। इसके लिए व्यवस्था में लगे अधिकारियों के मोबाइल पर एप डाउन लोड करा दिया गया है।
-बोर्ड परीक्षा एक नजर में-
कुल केंद्र40
शिक्षक ड्यूटी1,800
अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक4,
रिवर्ज में रखे केंद्र व्यवस्थापक-06
वाह्य केंद्र व्यवस्थापक-40
केंद्रों पर लगे सीसीटीवी-1,450
जोनल मजिस्ट्रेट-03
सेक्टर मजिस्ट्रेट-11
स्टेटिक मजिस्ट्रेट43
सचल दल04
हाईस्कूल के छात्र-छात्राएं 15,770
इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं13,414
कोट -
बोर्ड परीक्षा नकलविहीन व शांतिपूर्वक संपन्न कराई जाएंगी। इसकी तैयारी पूरी करा ली गई है, किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित कर दिया गया है। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम रहेंगे। - डॉ. श्वेता पूठिया, डीआईओएस।
-
जतिन त्यागी