हापुड़। मंगलवार को यूपी बोर्ड दसवीं में विज्ञान और इंटर में अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। 10वीं में विज्ञान के पेपर में विद्युत प्रभाव से जुड़े सवाल देखकर छात्र चकरा गए। दोनों ही पाली में 717 छात्र अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने निरीक्षण कर परीक्षा की व्यवस्था को परखा।
प्रथम पाली में दसवीं की विज्ञान की परीक्षा हुई, इसमें 14640 पंजीकृत छात्रों में 14106 उपस्थित रहे, 534 ने परीक्षा छोड़ दी। छात्रों ने बताया कि पेपर पाठ्यक्रम से ही आया। लेकिन विद्युत का प्रभाव, रासायनिक पदार्थ प्रकृति और व्यवहार से जुड़े सवाल काफी परेशान करने वाले रहे।
जैव जगत, प्राकृतिक घटनाएं, प्राकृतिक संसाधन से भी जुड़े सवाल भी आए। छात्रों ने बताया कि पेपर में अच्छे अंक मिलेंगे, करीब 20 फीसदी प्रश्न ही परेशान करने वाले रहे।
इसी पाली में 12वीं के लेखा शास्त्र विषय की परीक्षा हुई। इसमें 1229 पंजीकृत छात्रों में 1198 उपस्थित रहे 31 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में दसवीं के कृषि विषय की परीक्षा का आयोजन हुआ। इस पेपर में 127 पंजीकृत छात्रों में 118 उपस्थित रहे, नौ ने परीक्षा छोड़ दी। छात्रों ने बताया कि पेपर आसान रही।
इसी पाली में 12वीं के अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। परीक्षा में 3862 छात्र पंजीकृत थे, जिसमें 3719 उपस्थित रहे, 143 छात्र अनुपस्थित रहे। छात्रों ने बताया कि परिचायात्मक सूक्ष्म, वृहत अर्थशास्त्र, उपभोक्ता संतुलन तथा मांग, उत्पादनकर्ता का व्यवहार, बाजारों के प्रकार एवं साधारण युक्तियों के साथ आदर्श प्रतिस्पर्धा, मुद्रा एवं बैंकिंग से जुड़े सवाल आए। कुछ प्रश्न कठिन रहे, जिन्हें हल करने में अधिक समय लगा।
-
-शांतिपूर्वक संपन्न हुई परीक्षा-
जिले के समस्त केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। केंद्रों का निरीक्षण कर, व्यवस्था परखी गई। सब कुछ ठीक मिला। - डॉ.विनीता, डीआईओएस।