हापुड़। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अंतिम चरण में है। कॉपियों में छात्र पास होने के लिए अजीब संदेश लिख रहे हैं, कोई पास नहीं होने पर रिश्ता टूटने की दुहाई दे रहा है, तो कोई घर की आर्थिक स्थिति को आड़े लाकर शिक्षकों से पास कर देने की मिन्नतें कर रहा है। कुल मिलाकर 29 अप्रैल तक जिले में बोर्ड परीक्षाओं का शत प्रतिशत मूल्यांकन हो जाएगा।
इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षाएं सबसे पहले संपन्न हुई हैं, रिजल्ट भी सबसे पहले यूपी बोर्ड का जारी किया जा सकता है। जिले में बने दो केंद्रों पर मूल्यांकन तेजी से चल रहा है। मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों ने बताया कि कई कॉपियों में प्रश्नों के उत्तर के स्थान पर छात्रों के संदेश लिखे मिल रहे हैं।
इंटरमीडिएट की एक कॉपी में छात्र ने लिखा कि वह अपने घर में माता पिता की सबसे बड़ी संतान है, रिश्ते की बात चल रही है। लेकिन शर्त यह रखी गई है कि रिश्ता तभी पक्का माना जाएगा जब वह इंटरमीडिएट उत्तीर्ण कर लेगा। वहीं, एक छात्र ने लिखा है कि घर की आर्थिक स्थिति कमजोर है, इस बार वह फेल हो गया तो आगे कभी स्कूल में नहीं पढ़ सकेगा, इसलिए गुरुजी पास अवश्य कर दें।
हर विषय की कॉपी में इस तरह के संदेश लिखे मिलने से मूल्यांकन कर रहे शिक्षक भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। बहरहाल, 98 फीसदी से अधिक मूल्यांकन का कार्य पूर्ण हो गया है, 29 अप्रैल तक शत प्रतिशत मूल्यांकन पूरा होने जाने का दावा अफसर कर रहे हैं।
अंतिम चरण में है मूल्यांकन-
मूल्यांकन का कार्य दो दिन के अंदर पूर्ण हो जाएगा। शांतिपूर्वक तरीके से मूल्यांकन का कार्य हो रहा है, नियमानुसार कॉपियों का मूल्यांकन कर, नंबर भरे जा रहे हैं। - पीके उपाध्याय, डीआईओएस।