हापुड़। हापुड़-मुरादाबाद रेलवे लाइन के फोटो संख्या 65 अटूटा फाटक पर अगले सप्ताह से रेलवे अंडरपास के निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। निर्माण कार्य पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। सोमवार से रेलवे फाटक को बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान वाहन चालक कनिया रेलवे फाटक से आवागमन कर सकेंगे।
रेलवे फाटकों को बंद कर उनके स्थान पर अंडरपास बना रही है। अटूटा रेलवे फाटक पर करीब तीन माह पूर्व अंडरपास के लिए टेंडर और अन्य प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। सोमवार से रेलवे फाटक को पूर्ण रूप से बंद कर यातायात भी बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण आवागमन के लिए कनिया रेलवे फाटक का प्रयोग कर सकेंगे। अगले तीन माह के अंदर अंडरपास का निर्माण पूरा होना है।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि अंडरपास निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पहले से ही पूर्ण हो चुकी है करीब चार करोड़ रुपये की लागत से अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। इससे रेल यातायात के साथ ही वाहनों का आवागमन भी सुगम होगा।