हापुड़। रेलवे ने आने वाले त्योहारों पर यात्रियों का सफर सुगम बनाने के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली स्पेशल ट्रेन का शनिवार से संचालन शुरू हो जाएगा। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
दशहरा, दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने के लिए ट्रेनों में अभी से ही सीटें फुल हो गई हैं। यात्रियों को घर पहुंचने में परेशानी न हो इसके लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर भी तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को दो मिनट का ठहराव दिया गया है। आनंद विहार से जोगबनी जाने वाली स्पेशल ट्रेन 20 सितंबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी और सुबह 10:18 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन आएगी। दो मिनट ठहराव के बाद मुरादाबाद की दिशा में रवाना हो जाएगी।
वापसी में जोगबनी से प्रत्येक रविवार को ट्रेन का संचालन आनंद विहार के लिए होगा शाम को चलने के बाद अगले दिन रात्रि में 12:48 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन आएगी। दिल्ली से सीतामढ़ी के बीच दो अक्तूबर से 27 नवंबर तक स्पेशल ट्रेन का प्रत्येक बृहस्पतिवार को संचालन होगा और रात्रि 12: 48 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन आएगी। वापसी में प्रत्येक शुक्रवार को सीतामढ़ी से ट्रेन दिल्ली के चलेगी और शनिवार रात्रि 22:23 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन को दो मिनट का ठहराव मिलेगा।
नई दिल्ली से गोरखपुर के तीन अक्तूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को स्पेशल ट्रेन चलेगी जो दोपहर 3:32 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में शनिवार को सुबह गोरखपुर से चलकर स्पेशल ट्रेन रात्रि 21:08 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन आएगी। मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि हापुड़ रेलवे स्टेशन पर तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का ठहराव दिया गया है। इससे लखनऊ, गोरखपुर और बिहार की तरफ जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।