हापुड़। बुलंदशहर रोड स्थित एक अस्पताल में महिला का प्रसव वैक्यूम से कराने के मामले में अब नवजात के सिर का अल्ट्रासाउंड कराया जाएगा। बच्चे के स्वास्थ्य को देखते हुए सीएमओ ने इसके निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोहल्ला सोटावाली निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी का गर्भवती होने के बाद से बुलंदशहर रोड स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा था। प्रसव पीड़ा हुई तो पति ने अस्पताल में भर्ती करा दिया। आरोप है कि प्रसव कराने के दौरान चिकित्सक ने उनकी पत्नी का प्रसव वैक्यूम से किया। जिससे उसके नवजात बच्चे के सिर पर गंभीर चोट आई। इससे नवजात के दिमाग में रक्तस्राव हो गया।
नवजात की गंभीर हालत को देखते हुए जीएस मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। शिकायत में आरोप है कि प्रसव करने के दौरान चिकित्सक द्वारा लापरवाही बरती गई, जिसके कारण नवजात के सिर में चोट आई थी। मामले में सीएमओ डॉ. सुनील कुमार त्यागी का कहना है कि अब नवजात के सिर का अल्ट्रासाउंड कराया जाएगा। जिससे उसकी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।