यूके क्रिकेट एकेडमी में आयोजित क्रिकेट मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने वाला खिलाडी कौशल राणा। संवा
हापुड़। गांव धनौरा स्थित यूके क्रिकेट अकादमी के मैदान पर मिशन इलेवन और यूके क्रिकेट अकादमी के बीच मैच खेला गया। टी-20 मैच में यूके क्रिकेट अकादमी ने छह विकेट से जीत हासिल की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मिशन इलेवन टीम के खिलाड़ियों ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 140 रन बनाए। जिसमें प्रीत ने 39 रन का योगदान दिया। यूके क्रिकेट अकादमी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए देवांश भारद्वाज ने तीन विकेट, सरस तंवर, आदर्श ने दो दो विकेट, इशु पंवार ने एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे यूके क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ियों ने 17.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया। जिसमें कौशल राणा ने 50 रन व आदर्श ने नाबाद 30 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में योगदान दिया। मिशन इलेवन टीम की तरफ से गेंदबाजी करते हुए कार्तिक भारद्वाज ने दो विकेट हासिल किए। यूके क्रिकेट अकादमी के निदेशक अनुभव नरवाल ने बताया कि मैच में दो विकेट लेने और 30 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले आदर्श को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।