हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रफीकनगर निवासी एक महिला ने दो युवकों पर बातों की जाल में फंसाकर और नशीला पदार्थ सुंघाकर गहने व नकदी ले जाने का आरोप लगाया है। 24 घंटे बाद महिला के होश आने पर परिजनों को घटना का पता चला। महिला की पति की शिकायत पर पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से युवकों की पहचान करने में जुटी है।
मोहल्ला रफीकनगर निवासी रहीसुद्दीन ने बताया कि शनिवार की शाम उनकी पत्नी नाजरीन बाजार से खरीदारी करके घर लौट रही थीं। मोहल्ला मजीदपुर के पास पहुंचने पर उन्हें दो युवक यहां खड़े हुए मिले। युवकों ने स्वयं को भूखा बताते हुए अपनी बातों के जाल में फंसा लिया। इसके बाद पत्नी ने उन्हें दो सौ रुपये दे दिए। रुपये न लेने और घर पर खाना खाने की बात आरोपियों ने उनसे कही। इसके बाद आरोपी महिला को उनके घर लेकर पहुंचे।
आरोप है कि आरोपी नशीला पदार्थ सुंघाकर महिला के घर से नौ तोले सोना, दो किलो चांदी व 50 हजार रुपये की नकदी लेकर यहां से भाग गए। इसके बाद महिला को करीब 24 घंटे बाद होश आया तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद महिला के पति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सोने व चांदी के गहनों की कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस टीम आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से युवकों की पहचान कर रही है।