कोतवाली पुलिस ने सोमवार को चेकिंग के दौरान दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद इनकी निशानदेही पर कई जगह दबिश देकर चोरी की नौ बाइकें बरामद की गईं।
पुलिस अधीक्षक हापुड़ के निर्देश पर कोतवाली पुलिस सोमवार को नेशनल हाईवे पर डूहरी के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
तभी एक बाइक पर दो लोग आते दिखाई दिए। संदेह के आधार पर पुलिस ने रोकना चाहा तो बाइक की स्पीड बढ़ाकर भागने लगे। इस पर पुलिस ने काफी दूर तक पीछा कर दोनों को धर दबोचा। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर नौ बाइक बरामद की है।
कोतवाल यशवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए चोरों में यामीन पुत्र मकसू मोहल्ला चमरी और गुलफाम पुत्र इस्लामुददीन गांव पोहल्ली थाना सरधना मेरठ हैं। दोनों की निशानदेही पर चोरी की गई नौ बाइक बरामद की गई हैं। बाद में दोनों को जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस के मुताबिक पूछताछ में वाहन चोरी के कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही वाहन चोरी के कुछ मामलों का खुलासा हो।