हापुड़। बार एसोसिएशन की वर्ष 2024-25 की कार्यकारिणी के चुनाव के लिए दूसरे दिन बुधवार को नामांकन प्रक्रिया जारी रही। जिसमें अध्यक्ष व सचिव पद पर दो सहित विभिन्न पदों पर बीस प्रत्याशियों ने नामांकन किया। हालांकि युवा अधिवक्ता की पत्नी का निधन होने के कारण सभी प्रत्याशियों ने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कार्यालय पर पहुंचकर बिना किसी नारेबाजी के नामांकन किया।
मुख्य चुनाव अधिकारी संदीप कुमार त्यागी व सहायक चुनाव अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के 21 पदों के लिए दूसरे दिन बुधवार को सुबह दस से शाम पांच बजे तक नामांकन हुए। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए संजय कुमार कंसल व राधेश्याम शर्मा द्वारा नामांकन किया गया। सचिव पद के लिए शाहआलम चौधरी व वीरेंद्र कुमार सैनी द्वारा नामांकन किया गया। दोनों ही पदों पर दो-दो प्रत्याशियों के नामांकन हुए हैं।
इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर धर्मपाल सिंह द्वितीय व कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर देवेंद्र कुमार सागर व बबलू कुमार सैनी ने नामांकन किया। कोषाध्यक्ष पद पर सतेंद्र कुमार चौहान, विश्वनाथ त्यागी व सत्यवीर सिंह द्वारा नामांकन किया गया। सहसचिव प्रकाशन पद पर योगेंद्र सिंह सिद्धू तथा सहसचिव पुस्तकालय पद पर दीपांशु कनोडिया ने नामांकन किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को विभिन्न पदों पर दस प्रत्याशियों द्वारा नामांकन किया गया था।
वरिष्ठ सदस्य पद पर आदेश कुमार, दीपक गर्ग व नरेंद्र सिंह तेवतिया तथा कनिष्ठ सदस्य पद के लिए मोनू कुमार, प्रेमलता, रेशमा, भारत खरबंदा व मोहित वर्मा द्वारा नामांकन किया गया। जिसके चलते अब तक कार्यकारिणी के 21 पदों पर तीस प्रत्याशियों द्वारा नामांकन किया जा चुका है।
नामांकन प्रक्रिया का बढ़ाया समय
मुख्य चुनाव अधिकारी संदीप कुमार त्यागी ने बताया कि बार एसोसिएशन के एक युवा अधिवक्ता की पत्नी का निधन हो गया था। जिसके चलते बुधवार को कई प्रत्याशी व अधिवक्ता पीड़ित परिवार का सांत्वना देने के लिए उसके घर गए। ऐसा होने से काफी अधिवक्ता व कई प्रत्याशियों ने मांग की वह उक्त घटना के कारण नामांकन नहीं कर पाऐंगे। इसलिए नामांकन प्रक्रिया का समय जो बुधवार शाम चार बजे समाप्त हो रहा है, उसे बढ़ाया जाए। जिस पर उनके द्वारा एल्डर कमेटी के साथ बैठक की गई और नामांकन किया प्रक्रिया के समय में वृद्धि करते हुए निर्णय लिया गया कि प्रत्याशी बृहस्पतिवार को दोपहर बारह बजे तक नामांकन कर सकते है। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने पर बृहस्पतिवार की दोपहर बारह बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।