गढ़मुक्तेश्वर। पुलिस की छवि को धूमिल करने वाले एक मामले में वर्दी पहनकर होटल में शराब का सेवन करना दो दरोगाओं और एक सिपाही को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद एसपी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
स्याना पुलिस चौकी के पास स्थित एक होटल में दो उपनिरीक्षक और एक सिपाही वर्दी में बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। फोटो वायरल होते ही मामला पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया। इसके बाद पूरे घटनाक्रम की जांच कराई गई।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उपनिरीक्षक गौरव कुमार, उपनिरीक्षक अजय कुमार और सिपाही गोपाल चौधरी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि वर्दी की गरिमा और पुलिस विभाग की साख बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। वर्दी में इस प्रकार का आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।