हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित बीयर व तहसील चौपला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर शराब की ओवर रेटिंग के मामले में आबकारी निरीक्षक ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों ठेके के सेल्समैन को गिरफ्तार कर लिया है।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 हिमांशु कर्दम ने बताया कि मंगलवार को उन्हें सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली कि स्वर्ग आश्रम रोड स्थित बीयर व तहसील चौपला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की जा रही है। इस पर आबकारी टीम ने दोनों ठेकों पर छापा मारा। इस दौरान बीयर की दुकान पर जिला मेरठ थाना परतापुर के गांव नंगला पातू निवासी मदन सिंह सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। वह बीयर की एक केन को निर्धारित मूल्य से 20 रुपये अधिक लेते हुए पाया गया।
वहीं, तहसील चौपला पर कार्यरत सेल्समैन बंटी सिंह निवासी गांव आंबेडकर थाना फलावदा जिला मेरठ शराब की बोतलों पर दस रुपये अधिक लेते हुए पाया गया। टीम दोनों सेल्समैन को पकड़कर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।