हापुड़। रोडवेज डिपो में बिना बताए लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे दो चालकों पर शुक्रवार को गाज गिर गई। एआरएम ने दो चालकों की संविदा समाप्त कर दी। वहीं, चार चालकों को नोटिस भेजकर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
रोडवेज डिपो में तैनात चालक व परिचालक अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। बिना बताए ही कई दिनों तक ड्यूटी से गायब रहते हैं, जिससे बसों का संचालन भी प्रभावित होता है। डिपो में तैनात चालक संजय कश्यप व संजय सिंह पिछले तीन माह से बिना बताए अनुपस्थित चल रहे थे, जिनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी संविदा समाप्त कर दी गई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि कर्मचारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चार चालकों को लापरवाही बरतने पर नोटिस भेजा गया है, ड्यूटी पर समय से उपस्थित न होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।