हापुड़। जिले में हाईवे पर अवैध वसूली करने के आरोप में एसपी ने एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। दोनों ने किसी वाहन स्वामी से अपनी हाईवे जीप की पिछली सीट पर वसूली के रुपये रखवाए थे, जिसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी ने दोनों पर यह कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में एक दरोगा व सिपाही हाईवे पर तैनात एक जीप में बैठे व खड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों हाईवे पर तैनात सरकारी जीप पर ही तैनात हैं। दोनों ने किसी वाहन स्वामी को किसी कारण से रोक लिया था। इसके बाद वाहन छोड़ने की एवज में उससे अवैध रूप से रुपये मांगे। इसके बाद वाहन स्वामी ने कुछ रुपये देने की उनसे बात कही। इस पर दोनों पुलिसकर्मियों ने वाहन स्वामी से रुपये जीप की पिछली सीट पर रखने के लिए कहा। दोनों की बातें मानकर वाहन स्वामी ने अवैध वसूली के रुपये जीप की पिछली सीट पर रख दिए। इसी बीच वाहन स्वामी या किसी अन्य व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो थाना पिलखुवा क्षेत्र के हाईवे पर तैनात सरकारी जीप में मौजूद दरोगा सतेंद्र व सिपाही नीरज का बताया जा रहा है।
एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर प्रथम दृष्टया हाईवे पर सरकारी जीप में तैनात दरोगा सतेंद्र व सिपाही नीरज को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके बाद विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।