धौलाना। गांव सपनावत में हाईटेंशन लाइन के खेतों में झुके हुए खंभों से झूलते तारों की चपेट में आकर दो नीलगायों की मौत हो गई। कुछ दिन पहले आई आंधी में खंभे झुक गए थे, जिसके बाद इन्हें ठीक नहीं किया गया। नीलगायों की मौत से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। वहीं, हादसे के बाद निगम के अधिकारियों ने खंभों की मरम्मत का काम शुरू कराया।
पूर्व विधायक स्व. सुखवीर सिंह गहलोत के खेत के पास पिछले दिनों ई तेज आंधी के दौरान खंभे झुक गए थे। इससे तार कई स्थानों पर लटकने लगी। शनिवार को तारों की चपेट में आकर दो नीलगायों की करंट से मौत हो गई। ग्रामीण पवन राणा, मोहित राणा, विकास सिंह आदि ने बताया कि यह केवल वन्य जीवों की हानि नहीं, बल्कि मजदूरों और किसानों की जान पर खतरा है। समय रहते अगर लाइन को ऊंचा नहीं किया गया, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। एसडीओ धौलाना प्रदीप कुमार ने बताया कि सपनावत बिजलीघर से जुड़े कई गांवों को आपूर्ति देने वाली हाईटेंशन लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। जिसे ठीक कराया जा रहा है।