संवाद न्यूज एजेंसी
बाबूगढ़। थाना पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर 4.40 क्विंटल तार बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप, तार काटने के उपकरण व अवैध असलहा भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह व उनकी टीम ने जिला मेरठ के गांव मुंडाली निवासी इस्लाम व साकिब को गांव गोहरा आलमगीरपुर से गांव मुदाफरा बीच स्थित ईख के खेत से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पिकअप में लदा 4.40 क्विंटल तार, तार काटने के उपकरण व अवैध असलहा बरामद किया। आरोपी 19 जुलाई की रात गांव गोहरा स्थित सब स्टेशन से आरिफपुर तक लगे 10 बिजली के पोल से करीब 4.40 क्विंटल तार चोरी कर भाग गए थे।
इस संबंध में मां कालिका सालासर टेक्नोलॉजी कंपनी के कांट्रैक्टर विकास त्यागी की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सीओ ने बताया कि आरोपी इस्लाम व साकिब शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ जिला मेरठ व हापुड़ में बिजली तार चोरी व आर्म्स एक्ट के करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं।