नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार रात बदमाशों ने गांव परतापुर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। आधा दर्जन से अधिक नकाबपोशों ने पिता पुत्र को बंधक बनाया और पुत्र की कनपटी पर तमंचा लगाकर नकदी और गहने लूट लिए।
नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार रात बदमाशों ने गांव परतापुर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। आधा दर्जन से अधिक नकाबपोशों ने पिता पुत्र को बंधक बनाया और पुत्र की कनपटी पर तमंचा लगाकर नकदी और गहने लूट लिए। वहीं दूसरी घटना में मोहल्ला अल्वीनगर में छत के रास्ते से मकान में उतरे बदमाशों ने नगदी सहित लाखों के आभूषण चोरी कर लिए।
विज्ञापन
पीड़ितों के अनुसार पहली घटना गांव परतापुर के बाहरी हिस्से में हुई, जहां आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और कमरे के बाहर खुले में सो रहे पिता बशारत को पहले कब्जे में लिया। बाद में पुत्र गुलशन के साथ हाथ-पांव बांध दिए। बेटे गुलशन की कनपटी पर तमंचा तानकर आतंकित करते हुए बदमाशों ने 15 हजार रुपये नकद और करीब 75 हजार रुपये के आभूषण लूट लिए।
वहीं दूसरी ओर अल्वी नगर मोहल्ले में चोरों ने छत के रास्ते उतर कर अफरोज पत्नी असलम के घर पर धावा बोल दिया। परिवार अपने दूसरे मकान पर सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये नकद, एक तोला सोना और एक किलो चांदी समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। यह गहने लड़की की शादी के लिए रखे गए थे।
विज्ञापन
सुबह घटनाओं की जानकारी मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड को बुलाकर सबूत जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। सीओ अनीता चौहान ने कहा कि बदमाशों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।