हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत जोगीपुरा दस्तोई मार्ग पर रविवार दोपहर बाद बाइक सवार चार दोस्तों की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे में टकरा गई। हादसे में नगर के मोहल्ला मजीदपुरा निवासी रियाजुद्दीन उर्फ राजू (25 वर्ष) व उसके दोस्त सोनू (21 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी था। उधर मृतक के परिवारों में मातम का माहौल था।
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर बाद बुलंदशहर रोड के मोहल्ला मजीदपुरा निवासी रियाजुद्दीन उर्फ राजू, मोहल्ले के ही अपने दोस्त सोनू, मोहल्ला शिवगढ़ी निवासी गुलफाम और त्रिलोकीपुरम निवासी इजराल बाइक पर सवार होकर मेरठ रोड से जोगीपुरा-दस्तोई मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां रियाजुद्दीन को चिकित्सकों ने मृतक घोषित कर दिया। जबकि सोनू की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान सोनू की भी मौत हो गई। जबकि गुलफाम उर्फ भूरे और इजराल का स्थानीय निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों ही हालत भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों के संबंध में जानकारी हासिल की। रियाजुद्दीन की मौत की सूचना मिलने पर उसके पिता इस्लामुद्दीन, भाई सलमान, फैना, पत्नी नरगिस और मां नाजमा का रो रोकर बुरा हाल था। रियाजुद्दीन ई रिक्शा चलाता था और आपने पीछे पांच साल के बेटे को पीछे छोड़ गया है।
जबकि सोनू घर में अकेला कमाने वाला था और बर्तनों पर निकिल पॉलिश का काम करता था। पिता की काफी पहले मौत हो चुकी है। सोनू अविवाहित था और सात भाई बहनों में सबसे बड़ा था। सीओ वरुण कुमार मिश्रा का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही हे। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।