दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत में चालकों की मौके पर ही मौत
- फोटो : अमर उजाला
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के सादिकपुर गांव के पास दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक गाड़ी का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद इस मार्ग पर भीषण जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर घंटे भर बाद जाम खुलवाया। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात ट्रक चालक वाजिद निवासी गांव गढ़ी दौलत जिला शामली,
क्लीनर शौकीन निवासी गांव बौडपुर सहारनपुर अपने ट्रक में सेब लादकर ले जा रहे थे। ट्रक हिमाचल प्रदेश से फिरोजाबाद के लिए निकला था। जबकि दूसरा ट्रक बुलंदशहर की ओर से हापुड़ की ओर जा रहा था।, जिसमें सर्फ व साबुन लदा हुआ था। ट्रक को धर्मवीर चला रहा था।
साथ में क्लीनर सुदेश निवासी महजोई औंछा जिला मैनपुरी सवार था। जैसे ही दोनों ट्रक बुलंदशहर रोड पर सादिकपुर गांव के पास पहुंचे तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए, जिससे मार्ग पर भीषण जा लग गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक चालक वाजिद व धर्मवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल क्लीनर सुदेश को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद क्षतिग्रस्त ट्रकों को रास्ते से हटवाया। करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारु हो पाया।
थाना प्रभारी शावेज खान ने बताया कि दोनों ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।