पिलखुवा में सड़क पर आपस में भिड़ते सांड। स्रोत वीडियो ग्रैब
पिलखुवा। बाजार बजाजा में शनिवार को दो सांडों के बीच हुई भिड़ंत से दुकानदारों में भगदड़ मच गई। लड़ते हुए एक सांड दुकान में घुस गया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी फैल गई और दुकानों के शटर तक गिर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय दो सांड बीच सड़क पर अचानक भिड़ गए और काफी देर तक एक-दूसरे पर हमला करते रहे। इस दौरान सड़क किनारे खड़े कई वाहनों और दुकानों को नुकसान पहुंचा। लड़ते-लड़ते एक सांड अचानक दुकान के अंदर घुस गया। सांड का रौद्र रूप देखकर दुकानदार दुकानें छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। कुछ देर बाद सांड दुकान से बाहर निकला और सड़क पर पलट गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। व्यापारियों ने बाजार में घूम रहे आवारा सांडों को पकड़ने की मांग की। ईओ इंद्रपाल सिंह ने बताया कि आवारा सांडों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। कर्मचारियों को बाजार क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए जाएंगे।