सिंभावली। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कुछ लोगों पर बेटी से जुड़े एक केस में समझौता करने और केस वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों की ओर से उसे और उसके परिवार को लगातार गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि उनकी बेटी के साथ गलत काम करने के आरोप में पहले से एक रिपोर्ट दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी केस को वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाने के लिए आरोपी पक्ष के दो लोग शनिवार सुबह करीब 11 बजे उसके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गाली गलौज की और केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने धमकी देते हुए कहा कि उनके परिवार के सदस्य जेल में हैं, लेकिन जल्द बाहर आ जाएंगे। इसके बाद उसके और परिवार के लिए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़ित का आरोप है कि उसे गांव छोड़कर चले जाने के लिए भी कहा गया और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
सीओ राहुल यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले में जांच कराई जा रही है। सच्चाई सामने आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।