गढ़मुक्तेश्वर। जनपद बुलंदशहर निवासी व्यक्ति ने बेटे की हत्या करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए उसके दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। करीब दो माह बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद बुलंदशहर के थाना नरसैना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी दामोदर ने तहरीर देते हुए बताया कि छह मार्च को उसके बेटे अजय कुमार को बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव आलमनगर निवासी सुमित ने अपनी बहन की शादी होने की बात कहते हुए अपने गांव बुलाया था। उसके बाद उसका बेटा सालारपुर गांव के निकट घायल अवस्था में पड़ा मिला। करीब एक माह तक उसका उपचार कराया गया। होश में आने के बाद अजय ने बताया कि उसके दोस्त ने अपने घर बुलाकर शराब पिलाई और उसके बाद उसे कमरे में ले गया। वहां आरोपी ने उसके गले पर हमला कर हत्या का प्रयास किया। बताया कि उसके बाद वह बेहोश हो गया और उसे कुछ याद नहीं। दामोदर का कहना है कि बेटे के लंबे उपचार के कारण वह रिपोर्ट लिखवाने थाने नहीं पहुंच सका। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।