नगर के एटीएम पर गोंद डालने वाले असामाजिक तत्वों की करतूत से बैंक अधिकारी परेशान हैं। आए दिन एटीएम के कीपैड पर गोंद डालकर उन्हें नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कई बार ग्राहकों को भी रुपया निकालने में दिक्कत होती है।
बैंक अधिकारी की शिकायत पर भी पुलिस कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। नगर के तहसील चौपला व बुलंदशहर रोड, गढ़ रोड पर विभिन्नि बैंकों के एटीएम हैं। पिछले कुछ दिन से नगर में कुछ असामाजिक तत्व एटीएम को नुकसान पहुंचाने में लगे हैं।
ये कीपैड पर गोंद डाल देते हैं। एटीएम को गोंद से खराब करने के तीन मामले पकड़ में आए हैं। मामले की जानकारी होने पर बैंक अधिकारियों ने उसे सही कराने का कार्य किया। जिस पर लाखों रुपये खर्च हो गए। उसके बाद भी गोंद डालकर एटीएम को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
मामले की शिकायत पुलिस से कई बार की जा चुकी है। पुलिस मामले में रुचि नहीं ले रही है। अग्रणी बैंक प्रबंधक एपी चतुर्वेदी ने शिकायत करते हुए कहा कि ये युवक एटीएम मशीन पर गोंद लगाकर मशीन को खराब कर देते हैं। मशीन खराब होने से बैंक को नुकसान पहुंच रहा है।
कोतवाली प्रभारी यशवीर सिंह का कहना है कि संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।