संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। सर्दी का मौसम शुरू होने से पूर्व ही ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाने लगा है। रविवार को दिल्ली और मुरादाबाद की दिशा में जाने वाली स्पेशल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा जाने से रेल यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
गोरखपुर जंक्शन से नई दिल्ली जा रही स्पेशल ट्रेन 11 घंटे 45 मिनट, सीतामढ़ी जंक्शन से आनंद विहार टर्मिनल को जाने वाली स्पेशल ट्रेन आठ घंटे, आनंद विहार टर्मिनल से पूर्णिया कोर्ट को जा रही स्पेशल ट्रेन सात घंटे 30 मिनट, धनबाद जंक्शन से नई दिल्ली जा रही स्पेशल ट्रेन पांच घंटे 30 मिनट, चंडीगढ़ जंक्शन से धनबाद जंक्शन को जा रही स्पेशल ट्रेन तीन घंटे 30 मिनट देरी से रेलवे स्टेशन आई।
रक्सौल जंक्शन से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस छह घंटे, रक्सौल जंक्शन से चलकर आनंद विहार टर्मिनल जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस दो घंटे 20 मिनट, बरेली से नई दिल्ली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे 25 मिनट, डिबरुगढ़ से चलकर लालगढ़ को जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस एक घंटा, छपरा जंक्शन से दिल्ली जंक्शन जा रही लोकनायक एक्सप्रेस दो घंटे , बरेली से भुज जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस दो घंटे, मुरादाबाद जंक्शन से गाजियाबाद जंक्शन को जा रही मेमू ट्रेन एक घंटा 30 मिनट देरी से रेलवे स्टेशन आई।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि खराब मौसम के कारण ट्रेनों का संचालन पीछे से ही देरी से हो रहा है, जिस कारण ट्रेन गंतव्य को भी देरी से पहुंच रही हैं।