हापुड़। लालकुआं से बांद्रा टर्मिनल के बीच आज से साप्ताहिक ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को पांच मिनट का ठहराव मिलेगा। ट्रेन के संचालन से मुंबई जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
जिले से घूमने और व्यवसाय करने के लिए सैकड़ों लोग मुंबई के लिए ट्रेन से यात्रा करते हैं। अभी तक दिल्ली जाकर उन्हें मुंबई के लिए ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। लेकिन सोमवार से लालकुआं-बांद्रा टर्मिनल के बीच साप्ताहिक ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। लालकुआं से चलकर सुबह 11.31 बजे ट्रेन का हापुड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है । पांच मिनट ठहराव के बाद ट्रेन गाजियाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। पहले दिन हापुड़ रेलवे स्टेशन से भी यात्री ट्रेन में सवार होंगे। वहीं ट्रेन के संचालन से मथुरा और कोटा जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह का कहना है कि सोमवार से ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। अभी ट्रेन का संचालन सप्ताह में एक दिन किया जाएगा, जिसे बाद में बढ़ाया भी जा सकता है।