सिंभावली। क्षेत्र के गांव नयाबांस के निकट ग्रामीणों को देखकर गोतस्कर कार को छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी से करीब दो क्विंटल मांस बरामद किया। उसके नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। ग्रामीण की तहरीर पर पुलिस ने गोवध अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव नयाबांस निवासी भीम सिंह ने थाने तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार की रात्रि वह गांव में पहरा दे रहा था। करीब दो बजे उन्हें एक कार मुरादपुर वाले रास्ते से आती दिखाई दी। कार में सवार लोग कार की बार बार लाइट को बंद कर रहे थे। उसको शक हुआ तो उसे गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। उसने अन्य ग्रामीणों को मौके पर बुलाकर उनका पीछा किया तो आरोपी गाड़ी छोड़कर कच्ची सड़क की तरफ भाग गए। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें करीब दो क्विंटल मांस और अलग-अलग दो बोरों में गोवंश के अवशेष रखे हुए थे। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। वहीं, पुराने हाईवे किनारे दो बोरो में करीब चार दिन पुराने पशु अवशेष पड़े हुए मिले। इसको लेकर संदीप सांगवान, प्रशांत शर्मा ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की हैं। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया तहरीर के आधार पर गौवध अधिनियम की घारा 3/5/8 के तहत अज्ञात के विरूध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है ।