सिक्स लेन निर्माण कार्य के चलते रविवार दोपहर नेशनल हाईवे की रफ्तार एक बार फिर रुक गई। डूहरी पेट्रोल पंप के पास डेढ़ घंटे लगे जाम में फंसकर वाहन चालकों को परेशानी का सामनाकरना पड़ा। हालांकि, बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया।
पिलखुवा में सिक्स लेन हाईवे का निर्माण चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते रविवार दोपहर एक बजे डूहरी पेट्रोल पंप के पास जाम लगना शुरू हो गया। इस दौरान वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। जल्दी वाहनों को निकालने के चक्कर में कई वाहनों के चालकों की आपस में कहासुनी तक हो गई।
सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जाम को खुलवाया। कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि हाईवे निर्माण के चलते जाम लग गया था। जिसे पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर खुलवा दिया गया।