हापुड़। कांवड़ यात्रा के कारण पिछले दस दिनों से जिले में रूट डायवर्जन लागू के कारण प्रभावित यातायात बुधवार से पटरी पर लौटेगा। बसों का संचालन भी बहाल होगा। इससे विभिन्न शहरों को जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
सावन मास की शुरूआत होने के साथ ही 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा की शुरूआत हो गई थी। इसके साथ ही जिले में रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया। जिससे हाईवे पर भारी वाहनों के साथ ही बसों का संचालन भी बंद हो गया था। वहीं कांवड़ यात्रियों का दबाव बढ़ने के बाद शहर के मेरठ रोड, बुलंदशहर रोड, गढ़ रोड, दिल्ली रोड को भी वन वे कर दिया गया था। ऐसे में यातायात बुरी तरह से प्रभावित रहा।
वहीं दिल्ली, नोएडा, मोदीनगर सहित विभिन्न मार्गों पर भी रोडवेज बसों का संचालन बंद हो गया था, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। मंगलवार को शिवरात्रि पर कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया, जिसके बाद बुधवार से यातायात पहले की तरह पटरी पर लौटेगा। इससे विभिन्न शहरों को जाने वाले यात्रियों के साथ ही अन्य वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी।
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लक्ष्मण सिंह का कहना है कि रूट डायवर्जन के कारण बसों का संचालन प्रभावित हो रहा था, इससे डिपो की आय भी घटी थी। बुधवार से सभी मार्गों पर बसों का संचालन बहाल हो जाएगा, जिससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में राहत मिलेगी।