हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के तहसील चौराहे पर चालक को एक गर्भवती महिला को ई-रिक्शा में बैठाना भारी पड़ गया। आरोप है कि यातायात पुलिस कर्मी ने गाली गलौज करते चालक की गर्दन में चाबी मारकर घायल कर दिया। पुलिसकर्मी ने रिक्शा समेत उसे कोतवाली में बंद कराने की भी धमकी दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, ई-रिक्शा चालक ने इस संबंध में कोतवाली में कोई शिकायत नहीं की है।
नगर के बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला रफीकनगर निवासी फिरोज किराये पर ई-रिक्शा चलाता है। शनिवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह रिक्शा लेकर तहसील चौराहे से मेरठ तिराहे की तरफ जा रहा था। तहसील चौराहे पर एक गर्भवती महिला ने रिक्शा में बैठने के लिए उसे रोक लिया। वह यहां महिला को रिक्शा में बैठाने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि यहां तैनात एक यातायात पुलिस कर्मी ने गाली गलौज कर उसे थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर यातायात पुलिस कर्मी ने रिक्शा से चाबी निकालकर उसकी गर्दन में मार दी। इसमें वह घायल हो गया। इस दौरान दोनों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चालक जब शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा तो वहां पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करने के बजाए उसकी रिक्शा को सीज करने की धमकी दी। इससे घबराकर वह कोतवाली से लौट आया। सीओ यातायात राहुल यादव ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट होने के कारण ई-रिक्शा चालक को हटवाया गया था। चालक ने स्वयं अपनी गर्दन में चाबी मारकर यातायात पुलिसकर्मी पर आरोप लगाते हुए वीडियो बनवाया था। मामले की जांच कराई जा रही है। सत्यता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।