हापुड़। मंडी और बाजार में आवक बढ़ने के बावजूद टमाटर अपनी रिकार्ड महंगाई पर है। बुधवार को हापुड़ मंडी में टमाटर के दाम 220 रुपये प्रति किलो रहे, जबकि बाजार पहुंचते-पहुंचते इसके दाम 250 रुपये किलो हो गए। सब्जी विक्रेताओं की माने तो बाजार में टमाटर के भाव तीन सौ रुपये किलो तक पहुंच सकते हैं। हालांकि दूसरी सब्जियों के दाम पिछले पंद्रह दिनों की अपेक्षा घटे हैं। इससे गृहणियों को कुछ राहत जरूर मिली है।
जुलाई माह की शुरूआत से ही सब्जियों के दामों में इजाफा शुरू हो गया था। पहाड़ों पर भूस्खलन और बारिश का सबसे अधिक असर टमाटर पर पड़ा। हिमाचल से आने वाला टमाटर यहां आना बंद हो गया। जिसके कारण टमाटर के दाम दो सौं रुपये किलो तक पहुंच गए थे। लेकिन अब हालात और गंभीर हो चुके हैं। बुधवार सुबह हापुड़ मंडी में करीब 90 कैरेट टमाटर पहुंचा, जो दूसरे दिनों की अपेक्षा अधिक था, लेकिन इसके बावजूद यह थोक में 220 रुपये प्रति किलो बिका। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि अभी टमाटर के दामों में और बढ़ोतरी होगी।
हरी सब्जियों के दाम हुए कम
टमाटर को छोड़ दें तो दूसरी सब्जियों के दामों में लोगों को थोड़ी राहत मिली है। बरसात थमने के बाद यह राहत महसूस की गई है। स्थानीय और आसपास के जिलों से सब्जी मंडी में पहुंचने के कारण यह राहत मिली है। हरी मिर्च, अदरक, नींबू और बैंगन के दामों में कमी आई है। इन सब्जियों के दाम 20 प्रतिशत तक कम हुए हैं। ऐसे में रसोई का बजट कुछ संतुलन में आया है।
सब्जियों की पंद्रह दिन पहली और अब की स्थिति -
सब्जी पहले अब
टमाटर 150 250
आलू 25 20
प्याज 25 25
हरी मिर्च 80 60
तौरी 40 20
अदरक 310 200
लौकी 40 20
भिंडी 60 40
करौंदा 80 100
नींबू 100 80
करेला 60 40
बैंगन 80 50
अरबी 60 40