हापुड़। एक माह नौ दिन बाद 34 दिग्गजों की किस्मत का पिटारा खुलेगा। इसी के साथ जनपदवासियों को मंगलवार (आज) को तीन सांसद मिलेंगे। सुबह आठ बजे से नवीन मंडी में मतगणना शुरू होगी। वहीं, सुबह साढ़े सात बजे स्ट्रांग रूम खुल जाएंगे। मतगणना को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। लगभग 600 अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी मतगणना के लिए लगाई गई है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों की गिनती के लिए अलग-अलग 14-14 टेबिल लगाई जाएंगी।
जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र के साथ ही तीन अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र भी हैं। इसमें मेरठ-हापुड़, गाजियाबाद-धौलाना और अमरोहा-गढ़मुक्तेश्वर शामिल हैं। इन तीनों सीटों पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। वर्ष 2019 में जनपद में मतदान का प्रतिशत 66.76 रहा था, जो इस बार घटकर 59.47 प्रतिशत रहा। यही कारण है कि इस बार चुनाव परिणाम को लेकर तमाम कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं, मतगणना का कार्य सफलतापूर्वक और समय से पूरा हो सके, इसके लिए नवीन मंडी में बैरिकेडिंग, टेबिल, टैंट, पंखे, कूलर आदि लगा दिए गए हैं। दोपहर लगभग ढ़ाई से तीन बजे तक जिले में ईवीएम मशीनों से मतगणना का कार्य पूरा हो जाएगा।
एडीएम संदीप कुमार ने बताया कि मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए हैं। पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था भी की गई है। बिना पास किसी की भी एंट्री नहीं होगी। प्रत्येक टेबिल पर चार कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी। इतने ही कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है।
पब्लिक कम्युनिकेशन स्थल तक ले जा सकेंगे मोबाइल
पहली बार मतगणना एजेंट मंडी स्थल में मोबाइल ले जा सकेंगे, लेकिन उन्हें यह मोबाइल पब्लिक कम्युनिकेशन स्थल पर जमा करने होंगे। इमरजेंसी में एजेंट मौके पर जाकर फोन का इस्तेमाल कर सकते हैं। मतगणना स्थल पर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
जिले में नहीं होगी बैलेट पेपरों की गिनती
इस बार जनपद में बैलेट पेपरों की गिनती नहीं होगी। जिले में बैलेट पेपरों से डले मतों की गिनती अलग-अलग होगी। हापुड़ विधानसभा क्षेत्र में डले मतों की गिनती मेरठ, धौलाना में डले मतों की गिनती गाजियाबाद और गढ़मुक्तेश्वर में डाले गए वोटों की गिनती अमरोहा में की जाएगी।
ड्रा से खुलेंगी पांच-पांच वीवीपैट मशीन
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच-पांच बूथों का चयन ड्रा से कराया जाएगा। अभिकर्ताओं की मौजूदगी में होने वाले ड्रा में बूथों का चयन कर ईवीएम मशीनों और वीवीपैट मशीनों से निकली मतदाता पर्चियों का मिलान कराया जाएगा। यह कार्य ईवीएम मशीनों की मतगणना पूरी होने के बाद इस मिलान के बाद ही मतगणना का कार्य प्रारंभ होगा।
इस प्रकार तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अभिषेक कुमार की आउटर कार्डन, जल निगम के अधिशासी अभियंता विनय कुमार की तैनाती नवीन मंडी समिति गेट नंबर तीन से एनएच-नौ बाइपास तक आउटर कार्डन, अधिशासी अभियंता मनोज कुमार की नवीन मंडी के अंदर इनर कार्डन की संपूर्ण व्यवस्था के प्रभारी रहेंगे। इसके अलावा डायट के प्राचार्य जितेंद्र कुमार मलिक की नवीन मंडी के गेट नंबर एक, अधिशासी अभियंता विकास कुमार की तैनाती डीएम कैंप कार्यालय के बराबर वाले गेट नंबर दो और नायब तहसीलदार जयप्रकाश की तैनाती गेट नंबर तीन पर रहेगी।
इस प्रकार होगी मतगणना
विधानसभा क्षेत्र राउंड
मेरठ लोकसभा सीट हापुड़ 29
गाजियाबाद लोकसभा सीट- धौलाना 30
अमरौहा लोकसभा सीट- गढ़मुक्तेश्वर 27
जनपद में मतदान को लेकर रही स्थिति
जिले में कुल मतदाताओं की संख्या - 1157546, किया मतदान - 688397
महिला मतदाताओं की संख्या - 537308, किया मतदान - 307584
पुरुष मतदाताओं की संख्या - 620189, किया मतदान - 380801
वर्ष 2024 में जनपद में मतदान - 59.47 प्रतिशत
वर्ष 2019 में जनपद में मतदान - 66.76 प्रतिशत
धौलाना विधानसभा क्षेत्र में मतदान की स्थिति
कुल मतदाता - 424207
कुल में से किया था मतदान - 251595
मतदान प्रतिशत - 59.31
पुरुष मतदाता - 226587
पुरुषों का मतदान - 140678
महिला मतदाता - 197600
महिलाओं की मतदान - 110913
गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र में मतदान की स्थिति
कुल मतदाता - 353153
कुल में से किया मतदान - 209796
मतदान का प्रतिशत - 59.41
पुरुष मतदाता - 189817
पुरुषों का मतदान - 114889
महिला मतदाता - 163330
महिलाओं का मतदान - 94905
हापुड़ विधानसभा क्षेत्र में मतदान की स्थिति
कुल मतदाता - 380186
कुल में से किया मतदान - 227006
मतदान प्रतिशत - 59.71
पुरुष मतदाता - 203785
पुरुषों का मतदान - 125234
महिला मतदाता - 176378
महिलाओं की मतदान - 101766