नगर के प्रमुख एसएसवी पीजी कॉलेज और एकेपी पीजी कॉलेज में आज छात्र/छात्राएं अपनी सरकार चुनेंगे। कॉलेज प्रशासन की ओर से मतदान के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
बिना आईकार्ड किसी को एंट्री नहीं मिलेगी। सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। सुरक्षा के लिए कॉलेज में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। दिवाली की छुट्टी और इंटरनल परीक्षाओं के चलते छात्रसंघ चुनाव का रंग फीका पड़ रहा था। लेकिन चुनाव नजदीक आते ही छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
एबीवीपी के सामने जहां अपनी खोयी प्रतिष्ठा वापस लाने की चुनौती है, वहीं सपा छात्रसभा अपनी कामयाबी को बरकरार रखने के लिए बेकरार है। दोनों दलों के बड़े नेता भी इस चुनाव पर अपनी नजर गड़ाये हैं।
चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने की व्यवस्था कॉलेज प्रशासन ने पूरी कर ली है। चुनाव में सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट है। सोमवार शाम को ही छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
एसएसवी में 4331 तो एकेपी में 1867 छात्राएं करेंगी मतदान
हापुड़। नगर के प्रमुख कालेजों में चुनाव काफी रोमांचक होगा। हजारों की संख्या में स्टूडेंट्स अपने मत का प्रयोग करेंगे। एसएसवी पीजी कालेज में 4331 मतदाता स्टूडेंट्स है, तो एकेपी पीजी कालेज में भी 1867 छात्राएं मतदान करेंगी।
एसएसवी में पांच पदों पर 12, एकेपी में 9 प्रत्याशी मैदान में
हापुड़। एसएसवी पीजी कॉलेज में पांच पदों पर 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां सपा छात्रसभा और एबीवीपी में सीधी टक्कर है। वहीं एकेपी पीजी कॉलेज में पांच पदों पर 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी का परचम है। बाकी चार पदों पर दोनों दलों की प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला होगा।
बूथों पर विशेष निगरानी रहेगी
हापुड़। छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर एसएसवी पीजी कॉलेज और एकेपी पीजी कॉलेज में बूथों पर विशेष निगरानी रहेगी। एसएसवी में 9 कमरों में बने 18 बूथों पर 72 शिक्षक, कर्मचारी तैनात रहेेंगे।
वहीं एकेपी पीजी कॉलेज में 5 बूथों पर 20 कर्मचारी तैनात रहेंगे। दोनों कॉलेजों में विशेष चेकिंग के लिए उड़न दस्ता भी तैनात रहेगा। एसएसवी पीजी कॉलेज में चुनाव अधिकारी डॉ.सुधीर कुमार का कहना है कि चुनाव संपन्न कराने की तमाम प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई हैं। स्टूडेंट्स आईकार्ड या फीस रसीद दिखाकर मतदान कर सकेंगे।