हापुड़। 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। पुलिस प्रशासन ने इसके लिए जिले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। जिले में 27 संवेदनशील स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
जिले में 99 शोभायात्राएं और 83 प्रतिमाओं पर कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। हापुड़ नगर में आंबेडकर जयंती को सकुशल संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस ने सोमवार की दोपहर 12 बजे से ही रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया था।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के मद्देनजर डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देशानुसार जिले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिले में करीब 27 संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के लिहाज से कड़े इंतजाम किए जाएंगे।
जिले में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 83 प्रतिमाएं स्थापित हैं और इन पर भी उनके अनुयायी विभिन्न कार्यक्रम करेंगे।
इसके लिए प्रतिमाओं पर भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा जिले में करीब 99 शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी। इसके लिए संबंधित थाना प्रभारियों व चौकी प्रभारियों के साथ पुलिस कर्मियों को इनके साथ लगाया जाएगा। ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो सके।
एसपी ने बताया कि जिले में 83 प्रतिमाओं पर उनके अनुयायी द्वारा माल्यार्पण, भंडारा व अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसके अलावा शोभायात्राओं वाले मार्गों पर समय-समय पर पुलिसकर्मी गश्त करते हुए दिखाई देंगे। शोभायात्राओं, कार्यक्रम स्थलों व अन्य प्रमुख कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। अफवाह व आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।