हापुड़। जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट ने युवक की हत्या के मामले में मंगलवार को निर्णय सुनाया। जिसमें तीन आरोपियों को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही दोषियों पर बीस-बीस हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया।
प्रभारी जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी नरेश चंद शर्मा ने बताया कि मोहल्ला गोपीपुरा थाना हापुड़ नगर निवासी मनीष सैनी पुत्र दीपचंद सैनी ने हापुड़ नगर कोतवाली में एक तहरीर दी। जिसमें उसने कहा कि उसका भाई बिटटू उर्फ ब्रजकिशोर तीस अक्टूबर 2016 को दिवाली पर घर के बाहर दोस्तों के साथ आतिशबाजी कर रहा था। उसका भाई रात्रि में घर नहीं आया तो परिजनों ने सुबह उसे तलाश किया। घर के पास अस्पताल के बराबर में खाली प्लॉट में उसका भाई मृत मिला। जिसके चेहरे व सिर पर चोट के निशान थे। जानकारी करने पर पता चला कि रात्रि में उसका भाई को मोहल्ले के ही अंकुश पुत्र चंद्र सैनी, आशीष पुत्र जगदीश सैनी व अमित पुत्र संजय सैनी के साथ घूमता हुआ देखा था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किए। मामले की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट में चल रही थी। दोनों पक्षों को सुनने के बाद जिला जज मलखान सिंह ने मामले में मंगलवार को निर्णय सुनाया। न्यायाधीश मलखान सिंह ने मामले के तीनों आरोपी अंकुश, आशीष व अमित को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही तीनों दोषियों पर बीस-बीस हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। अर्थदंड अदा न करने पर दोषियों को एक-एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। साथ ही न्यायाधीश ने यह भी आदेश किया कि अर्थदंड की आधी धनराशि मृतक के परिजनों को प्रतिकार के रूप में दी जाए।