सरसों की फसल की रखवाली कर रहे युवकों पर रविवार को बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। तीन युवकों को काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। गढ़ तहसील में बंदरों का आतंक बढ़ रहा है।
बच्चों के साथ बड़े भी छत पर जाने से डरने लगे हैं। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गंदूनंगला गांव में रविवार सुबह कुछ युवक सरसों की फसल की रखवाली कर रहे थे। तभी 15 से अधिक बंदरों का झुंड वहां आ गया और फसलों को बर्बाद करने लगा।
नितिन, कुलदीप और विक्रांत ने डंडा लेकर बंदरों को खेत से खदेड़ने की कोशिश की। बंदरों ने उल्टा युवकों पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह काट लिया। बंदरों के हमले में घायल हुए तीनों युवक लहूलुहान हालत में किसी तरह घर पहुंचे और परिजन को जानकारी दी। परिजन उन्हें निजी चिकित्सक के पास लेकर गए। जहां उनका इलाज कराया गया।