दिल्ली रोड बिजलीघर पर लगे 5एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर के केबिल बॉक्स में फाल्ट होने से फीडर नंबर एक और तीन से संबंधित हजारों घरों की बिजली दिन निकलते ही गुल हो गई। करीब तीन घंटे तक लोगों को बिजली किल्लत से परेशान होना पड़ा।
इस दौरान लोगों को पानी संकट का भी सामना करना पड़ा। दिल्ली रोड बिजलीघर के 5एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर से फीडर नंबर-एक और तीन को आपूर्ति मिलती है। इन फीडरों से आर्यनगर, जवाहरगंज, त्रिवेणीगंज, दादाबाड़ी, छज्जुपुरा, महेशपुरी,
गोपीपुरा, कसेरठ बाजार, माता मोहल्ला, जैन लोक, मोहल्ला खाई समेत गढ़ रोड के हजारों घरों को आपूर्ति दी जाती है। सोमवार सुबह करीब 7.15 बजे ट्रांसफार्मर के केबिल बॉक्स में फाल्ट हो गया, इससे दोनों फीडर ठप हो गए।
निगम कर्मियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट को खोजा और तीन घंटे की मशक्कत के बाद दुरस्त किया। वहीं, अधिशासी अभियंता पीके गौतम ने बताया कि ओवरलोडिंग के चलते केबिल बॉक्स में फाल्ट हो गया था। फाल्ट दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करा दी गई।