हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला अंबेडकरनगर में चोरों ने सिपाही के बंद मकान को अपना निशाना बना लिया। चोर सीढ़ी के मदद से छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और यहां से हजारों रुपये की नगदी व आभूषण चोरी कर फरार हो गए। इतना ही नहीं मकान के बाहर स्थित सराफ की दुकान में भी चोरों ने कूमल करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मोहल्ला अंबेडकरनगर निवासी अजय कुमार यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत है और वर्तमान में जिला रामपुर में विजिलेंस में तैनाती है। उसने बताया कि उसकी पत्नी सोमवार की दोपहर बच्चों के साथ मकान का ताला लगाकर अपने मायके गई थी। मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे देख उसे मकान में चोरी होने की सूचना दी। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मकान के अंदर साक्ष्य एकत्र किए।
इतना ही नहीं चोरों ने मकान के बाहर स्थित सराफ की दुकान में भी कूमल करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। पीडि़त ने बताया कि चोर मकान से करीब पांच हजार रुपये की नगदी व हजारों रुपये की आभूषण चोरी कर ले गए। कुछ दिन पूर्व उसके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित गिफ्ट गैलरी को चोरों ने अपना निशाना बनाया था और यहां से 50 हजार रुपये की नगदी व करीब 15 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। जिसका अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।