मारपीट में घायल हुआ ग्रामीण। स्रोत वीडियो ग्रैब
हापुड़। गढ़ रोड स्थित गांव मुरादपुर में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट व पथराव हो गया। एक युवक चाकू लगने से भी घायल हुआ है। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए है। पुलिस घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी युसुफ व बाबू के पुत्र के साले फरदीन में शनिवार की शाम दोनों में मारपीट गई। झगड़े की सूचना दोनों परिजनों को होने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी डंडों व धारदार हथियारों से मारपीट होने लगी। इतना ही नहीं दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर पथराव भी किया। मारपीट व पथराव में युसुफ, टोनी व फरदीन समेत कई लोग घायल हो गए। झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर दोनों पक्षों के करीब पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है और मामले में पूछताछ कर रही है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया था। घटना के संबंध में दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।