हापुड़। श्री रामलीला समिति की आपात बैठक रविवार को प्रधान विनोद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी निर्णय तक रामलीला मैदान में साप्ताहिक बाजार न लगाने का निर्णय लिया गया है।
प्रधान विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि जब तक समिति अपने रामलीला मैदान की चारदीवारी कराने व भूमाफिया की ओर से अवैध कब्जा कर खोले गए रास्ते व मीट मुर्गे की दुकानों को बंद नहीं कराया जाता है, तब तक समिति की ओर से रामलीला मैदान में साप्ताहिक बाजार नहीं लगवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग राम बाजार में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने व प्रदेश सरकार की छवि खराब करने का लगातार प्रयत्न कर रहे हैं। इस वजह से किसी भी समय अप्रिय घटना घट सकती है। इस मामले में जल्द ही समिति का एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से मिलेगा और अपना पक्ष रखेगा। इस दौरान अवैध रूप से संचालित मीट की दुकानों को बंद कराने की मांग भी की गई। इस दौरान अनिल आजाद, रविंद्र गुप्ता, नन्हे ठेकेदार, देवेंद्र अग्रवाल, आनंद, नवीन वर्मा, उमेश अग्रवाल, रामकुमार गर्ग आदि मौजूद रहे।